झांसी की सड़कों पर इन दिनों नया कमाल देखने को मिल रहा है। आमतौर पर चार-पांच सवारियों के लिए बनी ऑटो रिक्शा अब "मिनी बस" बनने की राह पर हैं। ताजा मामला तब सामने आया जब एक चालक ने अपने ऑटो में 19 सवारियों को फिट कर लिया, वो भी बिना किसी हाइड्रोलिक सिस्टम के! पुलिस ने जब इस चमत्कारी ऑटो को रोका और यात्रियों को उतरने के लिए कहा, तो एक के बाद एक सवारियां निकलती गईं। यह नज़ारा देख पुलिस भी दंग रह गई। कुछ देर के लिए पुलिसवालों को यह शक होने लगा कि कहीं ऑटो में कोई गुप्त तहखाना तो नहीं बना दिया गया!
इस ऐतिहासिक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसे देखकर लोग कह रहे हैं कि "अगर ये ऑटो ड्राइवर स्पेस इंजीनियरिंग में होता, तो आज चंद्रयान में 100 लोग जा सकते थे!"
कुछ लोग इसे "भारतीय पब्लिक ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट का चमत्कार" बता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि इस ऑटो ड्राइवर को "ऑस्कर" मिलना चाहिए क्योंकि उसने सच में असंभव को संभव कर दिखाया है।
हालांकि, पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए ऑटो जब्त कर लिया है और चालक पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, जनता की मांग है कि सरकार इस ड्राइवर को ट्रैफिक जाम की समस्या हल करने के लिए राष्ट्रीय सलाहकार नियुक्त करे।



