ख़बरगंज

इंजन यात्रा: भारतीय रेलवे को श्रद्धालुओं का आध्यात्मिक अपग्रेड!

वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ के भक्तों ने भारतीय रेलवे को एक नया और अनोखा अपग्रेड देकर चौंका दिया! जब ट्रेन की बोगियों में जगह नहीं मिली, तो श्रद्धालुओं ने समस्या का सीधा औ...

इंजन यात्रा: भारतीय रेलवे को श्रद्धालुओं का आध्यात्मिक अपग्रेड!

वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ के भक्तों ने भारतीय रेलवे को एक नया और अनोखा अपग्रेड देकर चौंका दिया! जब ट्रेन की बोगियों में जगह नहीं मिली, तो श्रद्धालुओं ने समस्या का सीधा और "व्यावहारिक" समाधान निकालते हुए ट्रेन के इंजन को ही अपना वीआईपी कोच बना लिया। यात्रियों का कहना था कि जब सब जगह भीड़ ही भीड़ है, तो इंजन ही सबसे शानदार विकल्प है—यहाँ न भीड़ की धक्का-मुक्की है, न गर्मी, और ऊपर से सबसे पहले स्टेशन पहुंचने की गारंटी!

घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी ने मोर्चा संभाला और यात्रियों को समझाने की कोशिश की। श्रद्धालु भी कम नहीं थे, किसी ने तर्क दिया कि "इंजन में सफर करने से ट्रेन सबसे पहले पहुंचेगी," तो किसी ने इसे रेलवे के लिए नया सुधार बता दिया। लेकिन रेलवे अधिकारी इस आध्यात्मिक नवाचार के लिए तैयार नहीं थे। आखिरकार, समझाइश और हल्की फटकार के बाद श्रद्धालुओं को इंजन से उतारकर अन्य बोगियों में जाने की सलाह दी गई।

इस पूरी घटना के बाद रेलवे को मुफ्त में कई सुझाव भी मिले। कुछ श्रद्धालुओं ने कहा कि इंजन को आधिकारिक रूप से "फर्स्ट क्लास" का दर्जा दे देना चाहिए, जहां बैठने वालों को ट्रेन की हॉर्न बजाने की विशेष अनुमति मिले। कुछ ने तो यह तक कह दिया कि रेलवे को बोगियों के अलावा इंजन की भी टिकट बुकिंग शुरू कर देनी चाहिए, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

अब रेलवे प्रशासन इस दुविधा में फंस गया है कि अगली बार श्रद्धालुओं को हटाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को भेजा जाए या फिर कोई पंडित बुलाकर हवन करवाया जाए। जो भी हो, इस घटना ने भारतीय रेलवे को एक नया सबक सिखा दिया—"जिसके पास जुगाड़, उसकी सीट पक्की!"